रुपये मांगने पर मारपीट, जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
सिंदुरिया। निचलौल थाना क्षेत्र के शीतलापुर भट्टी टोला निवासी एक युवक ने सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर रूस (विदेश) भेजने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना सिंदुरिया में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पप्पू पुत्र छांगूर प्रसाद ने 19 जुलाई को पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वर्ष 2025 में वह दिल्ली में सिलाई का काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति से हुई। आरोप है कि आरोपी ने रूस भेजकर रोजगार दिलाने का भरोसा देकर उससे तीन लाख रुपये ले लिए। इसमें 1.12 लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन और शेष रकम अलग-अलग तिथियों में नकद दी गई।
आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी लगातार विदेश भेजने का भरोसा देता रहा लेकिन न तो वीजा और टिकट की व्यवस्था किया और न ही रुपये लौटाए। 30 जून को जब पीड़ित के रिश्तेदार आरोपी के घर रुपये वापस मांगने पहुंचे तो वह भड़क गया। आरोप है कि उसने मारपीट की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया तथा जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कराया। पीड़ित ने पुलिस को ऑनलाइन लेन-देन के साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। उसने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।