सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते कमिश्नर।
- फोटो : MAHARAJGANJ
मंडलायुक्त ने बांध का निरीक्षण किया
महराजगंज। नगर में सफाई व्यवस्था, आंबेडकर पार्क एवं निचलौल सीएचसी का निरीक्षण करने के बाद मंडलायुक्त जयंत नार्लीकर ने बी गैप बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। सीएचसी निचलौल में ईटीसी सेंटर में भर्ती होने वाले बुखार से पीड़ित बच्चों के बारे में जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने सुबह 10 बजे महराजगंज नगर पालिका कार्यालय से चौराहा व आंबेडकर पार्क का निरीक्षण करते हुए हुए कार्यों को देखकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बी गैप बंधे का निरीक्षण करते हुए ठोकर आदि के बारे में जानकारी लेकर अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि ठोकरों की निगरानी ठीक से कराएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएचसी निचलौल में बुखार से पीड़ित बच्चों के रजिस्टर का अवलोकन किया। अस्पताल में पीड़ित बच्चों को कम भर्ती होने पर उन्होंने कहा कि बेहतर ढंग से इलाज करें, जिससे लोगों को मेडिकल कालेज नहीं जाना पडे़गा। अस्पताल के बगल में जलभराव व चाय की दुकान होने पर नाराजगी जताई। ईओ नगर पंचायत को निर्देश दिया ब्लीचिंग पाउडर व जल निकासी एवं सफाई की समुचित व्यवस्था करें। इस अवसर पर कोविड 19 के नोडल अधिकारी प्रेम रंजन सिह, डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव, एक्सईएन सिचाई डी.के. सिह, एसडीएम तथा थानाध्यक्ष निचलौल मौजूद रहे।
फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार तीन दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमे कस्बे सहित नगर की दुकानों को सैनिटाइज करते हुए नालों की भी सफाई कराई जा रही है। शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश जायसवाल व अवध प्रकाश सिंह के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की गाड़ी से कस्बे को सैनिटाइज किया गया।