महराजगंज। होली पर इस बार बाजार में विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंंगे राकेट, अनार और कलरफुल स्प्रे रंगों की बौछार करने को तैयार हैं। ये रॉकेट और अनार जलाने पर रंगों फुहार छोड़ेंगे। वहीं इन्हें जलाने पर तेज दिवाली वाले पटाखों जैसी आवाज नहीं होगी। बीते तीन वर्षो में कोरोना की वजह से होली का पर्व फीका बीता, लेकिन इस बार इसे पूरे उत्साह के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानों पर बच्चे खूब खरीदारी करते दिख रहे हैं।
होली पर मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष पकवान बनाने की तैयारी हो रही है। घरों व दुकानों में मिठाई, पापड़, नमकीन बनने तेज हो गए हैं। अबीर-गुलाल के साथ पिचकारी और होली मनाने वाले पटाखे खूब बिक रहे हैं। फरेंदा रोड रंग की दुकान लगाने वाले लाल बाबू ने बताया कि रंगों की बौछार करने वाले पटाखे ज्यादा बिक रहे हैं। आग जलाते ही अनार, चकरी बम से रंग-बिरंगा धुआं निकलेगा। कलर वाला स्प्रे भी लोग पसंद कर रहे हैं। मुखौटे और प्रेशर गन वाली पिचकारी लोग खरीद रहे हैं। निचलौल कस्बे में पिचकारी की दुकान लगाने वाले रमेश गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन वर्षों की अपेक्षा इसबार रंग-गुलाल ज्यादा बिक रहा है। लोगों में सेहत के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। महंगे हर्बल गुलाल में चंदन, मोगरा, जासमीन और रोज फ्लेवर है। 50 रुपये किग्रा वाला सस्ते गुलाल के बजाय 200 रुपये किग्रा वाला गुलाल ज्यादा बिक रहा है।
हर्बल गुलाल खरीदने में ज्यादा रुचि
होली में अपने स्वास्थ्य को लेकर लोग ज्यादा जागरूक हो गए हैं। इस बार हर्बल गुलाल की ही लोग मांग कर रहे हैं और केमिकल वाले रंग से दूरियां बनाए हुए हैं। दुकानों में केमिकल युक्त रंग बहुत कम हैं। अधिकांश दुकानों में गुलाल ही बेचा जा रहा है। इसके अलावा खुशबू वाले गुलाल की मांग ज्यादा है। बाजार में कुल 12 रंग का गुलाल उपलब्ध है।
बाजार में नहीं दिख रही चीनी पिचकारी
इस बार बाजार में चीनी पिचकारी व सामान नहीं दिख रहा है। ग्राहकों की ओर से भी स्वदेशी पिचकारियों की मांग की जा रही है। इस बार पंप, प्लास्टिक की पिचकारी समेत अन्य सामान मौजूद है।
-
पिछली बार होली पर बच्चों को मनपसंद गुलाल व पिचकारी नहीं मिल पाई थी। इस बार सप्ताह भर पहले से ही होली की तैयारियां कर ली हैं। घर के लिए सामान खरीदने निकली, तो बच्चों के लिए पिचकारी व रंग भी लेने आई हूं। मुखौटा के साथ प्रेशर गन वाली पिचकारी खरीदी है।
- ममता वर्मा, राजीव नगर
गुलाल व स्वदेशी पिचकारी को लेकर लोगों की जागरूकता बढ़ी है। इसके साथ ही हल्के रंग ग्राहकों की पहली पसंद हैं। इस बार बाजार में कुछ नए आइटम भी आए हैं। जिनमें स्प्रे कलर, पार्टी कलर बम शामिल है।
- संतोष निगम, रंग विक्रेता
बच्चों के बीच पहुंचे बीएसए, खेली फूलों की होली
महराजगंज। फरेंदा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय भारीबैंसी में रविवार को निपुण होली मनाई गई। कार्यक्रम में पहुंचे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने स्कूली बच्चों के साथ-साथ ब्लॉक क्षेत्र से आए शिक्षक संघ के पदाधिकारियों व शिक्षकों के साथ होली खेली तथा सभी से निपुण लक्ष्य को होली के उत्साह की तरह हासिल करने को कहा। इस दौरान सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी अरविंद मणि त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद राणा, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी व बलराम निगम, ऋषिकेश गुप्ता, पवन शुक्ला, शशिकेश तिवारी, राज्य संदर्भदाता समूह के सदस्य कृष्णमोहन पटेल, लवकुश वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद
राजकीय कार्यालयों व स्कूलों में आज खेली जाएगी होली
महराजगंज। जिले के सभी राजकीय कार्यालयों व स्कूलों में सोमवार को होली खेली जाएगी। मंगलवार से कार्यालय व स्कूल तीन दिन के लिए बंद हो रहे हैं, ऐसे में सभी कार्यालयों व स्कूलों में कर्मचारी, शिक्षक व बच्चों की ओर से एक दिन पहले होली खेली जाएगी। संवाद
रसोइयों की होली फीकी रहेगी
महराजगंज। जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात रसोइयों को चार माह से मानदेय नहीं मिला है। होली का पर्व आ चुका है, मगर बजट के अभाव में उनका मानदेय नहीं जा सका। सोमवार के बाद बैंक बंद रहेगा, ऐसे में रसोइयों की फीकी रहेगी। जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि नौतनवां ब्लॉक में तैनात 625, बृजमनगंज में 401, धानी में 142, घुघली में 414, लक्ष्मीपुर में 482, सदर में 425, मिठौरा में 445, निचलौल में 557, पनियरा में 442, परतावल में 406, फरेंदा में 443 एवं सिसवा में 402 रसोइयों को मानदेय नहीं मिला है। संवाद
होलिका दहन स्थल पर रखे गए कंडे, लकड़ी
महराजगंज। शहर समेत गांव में होलिका दहन स्थल पर कंड़े, लकड़ी एवं खरपतवार एकत्र किया गया है। बीच में रेड़ लगाया गया है। किनारे पर कंडे एवं खरपतवार रखे जा चुके हैं। गांधी नगर मोहल्ले में खर पतवार रखा गया है। परंपरागत ढंग से पूजन के बाद होलिका दहन होगा। संवाद
अस्पताल में डॉक्टरों को सतर्क रहने का निर्देश
महराजगंज। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि जिले में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। होली के दिन इमरजेंसी सेवा बेहतर रखने के लिए हर संभव कोशिश की गई है। डॉक्टर को इमरजेंसी सेवा के लिए जिम्मेदारी सौंप दी गई है। संवाद