जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय में राजस्व व करेत्तर समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
विगत वर्ष के लक्ष्य में न्यूनतम 25 प्रतिशत की वृद्धि को जोड़ते हुए राजस्व वसूली को सुनिश्चित करने के निर्देश
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को कैंप कार्यालय में राजस्व एवं करेत्तर संबंधी मामलों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने मंडी समिति, खाद्य एवं औषधि प्रसंस्करण, खाद्य पदार्थ, जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं गैस आपूर्ति, गन्ना भुगतान, डूडा आवास, पीएम स्वनिधि, कृषि एवं गैर-कृषि भूमि, अधिवास प्रमाण पत्र, राजस्व वादों के निस्तारण, आपदा राहत, एण्टी-भू-माफिया आदि की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने मातहतों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली की प्रक्रिया तेज की जाए। उन्होंने विशेषकर मंडियों और निकायों को राजस्व वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों को इस वर्ष का लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। वे विभाग विगत वर्ष के लक्ष्य में न्यूनतम 25 प्रतिशत की वृद्धि को जोड़ते हुए राजस्व वसूली को सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बिजली निगम को स्मार्ट मीटर के प्रकरणों में मिशन मोड में बिजली बिल में सुधार कराने का निर्देश दिए।
पीएम आवास की अगली किस्त भेजने से पहले फील्ड सर्वे अवश्य कराएं
जिलाधिकारी ने डूडा के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवासों के कम्प्लीशन तथा अधूरे भवनों को पूर्ण करने एवं पीएम स्वनिधि के अंतर्गत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पीएम आवास में अगली किस्त भेजने से पूर्व फील्ड सर्वे अवश्य कराएं और जो लाभार्थी आवास निर्माण कर रहे हैं केवल उन्हें ही किस्त अंतरित की जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि धारा 24 के अंतर्गत वादों, अधिवास प्रमाण पत्र, आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों तथा स्वामित्व से संबंधित किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए तथा विशेष रूप से राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर सभी कार्यालयाध्यक्ष नजर रखें और विभागीय प्रगति को बेहतर करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल, अपर एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज सिंह, आबकारी अधिकारी अतुल द्विवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी मौजूद रहे।