शुक्रवार को रहा कोल्ड-डे, नहीं जले अलाव
शहर का तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों तक चलेंगी पछुवा हवाएं, सुबह-शाम रहेगा कोहरा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शुक्रवार को कोल्ड-डे रहा। क्योंकि दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। ठंड ज्यादा बढ़ गई, जिससे लोगों को परेशानी हुई। दिन में दोपहर बाद हल्की धूप निकली, जो पछुआ हवाओं से बेअसर रही। गलन से बाइक चला रहे लोगों को ज्यादा परेशानी हुई। शाम होते ही गलन ज्यादा बढ़ गई। लेकिन ठंड से बचाव के लिए अलाव का इंतजाम नहीं दिखा।
शुक्रवार सुबह से ही ठंड के साथ बढ़ी गलन ने लोगों को हिलाकर रख दिया है। ठंड की वजह से बाजारों व सड़कों पर दोपहर तक ज्यादा चहल पहल नहीं दिखी। ठंड के कड़क तेवर से स्थिति यह रही कि सुबह से ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। ठंड के साथ बढ़ी गलन से लोग हलाकान रहे। घरों में लोग अलाव, हीटर के सहारे वक्त गुजारते रहे। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि दिन का तापमान जब 16 डिग्री से कम हो जाए तो उसे कोल्ड-डे कहते हैं। पिछले साल 18 दिसंबर को 12.06 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान था। आने वाले दो तीन दिनों में पछुआ हवा चलेगी। साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य 10 डिग्री से गिरकर 6 एवं 7 डिग्री के आसपास रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान 14 से 18 डिग्री के बीच रहेगा। कोहरा सुबह शाम ज्यादा रहेगा। गलन बढ़ने की संभावना है।
तहसील में अलाव, कस्बे में नहीं
नौतनवां। तहसील पहुंचने वाले फरियादियों के लिए तहसील प्रशासन द्वारा अलाव की व्यवस्था की गई, जहां लोग हाथ सेंकते तो दिखे। नगर पालिका परिषद नौतनवां के जिम्मेदारों द्वारा ठंड को देखते हुए पूरे नगर में कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे दूर-दराज से सफर कर कड़ाके की ठंड में शहर में पहुंचने वाले मुसाफिर परेशान रहे। अधिशासी अधिकारी बीरेंद्र कुमार राव का कहना है कि नगर के सभी प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करा दी जाएगी।
तीमारदार परेशान रहे
शहर में बस स्टेशन पर लोग ठिठुरते हुए दिखे। सर्द हवाओं से कंपकंपी हो रही थी। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 13.07 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यनूतम 7 डिग्री सेल्सियस रहा। यात्रियों ने कहा कि स्टेशन पर अलाव का इंतजाम होना चाहिए। लेकिन जिम्मेदार इसे लेकर गंभीर नहीं है। जिला अस्पताल में मरीजों के साथ आए तिमारदार ठंड से काफी परेशान दिखे। वह अस्पताल की गैलरी में घर से लाए कंबल के सहारे वक्त गुजारते नजर आए। निचलौल टैक्सी स्टैंड, घुघली, फरेंदा, पनियरा, परतावल समेत अन्य स्थानों पर यात्री ठंड से परेशान दिखे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने बताया कि शहर में प्रमुख स्थानों पर अलाव के इंतजाम किए गए हैं। ठंड से बचाव के लिए हर संभव इंतजाम है।