खोनहौली नहर पुल पर स्नान कर रहे नाबालिगों को बाहर निकलवाया
महराजगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के निचलौल-चिउटहा मार्ग स्थित खोनहौली नहर पुल पर स्नान कर रहे बच्चों को रोककर सीओ ने उन्हें नहर में नहाने के खतरों के प्रति जागरूक किया। दंडस्वरूप बच्चों से उठक-बैठक भी कराई और भविष्य में नहर में स्नान नहीं करने का संकल्प दिलाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामसभा खोनहौली के उत्तर दिशा में नारायणी गंडक नदी की मधुबनी शाखा नहर में गर्मी के कारण कई बच्चे स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक बैठक में शामिल होने जा रहे सीओ रविन्द्र कुमार सिंह की नजर नहर में कूदकर नहा रहे बच्चों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाकर बच्चों को बाहर निकलवाया और नहर में स्नान के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी।
सीओ ने बच्चों से उठक-बैठक कराकर दोबारा नहर में स्नान न करने का संकल्प भी दिलाया। इस दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
सीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि वह जिले की बैठक में जा रहे थे। रास्ते में नहर में स्नान करते बच्चों को देखकर वाहन रुकवाया और उन्हें बाहर निकलवाकर संभावित हादसों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चे खतरे से अनजान होते हैं। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि जोखिमपूर्ण गतिविधि दिखने पर उसे रोकने का प्रयास करे ताकि अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।