महराजगंज। जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार ने विकास खंड घुघली परियोजना कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनुपस्थित मिलीं बाल विकास परियोजना अधिकारी से दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। कार्यालय में हाट कुक्ड समायोजन से संबंधित कोई अभिलेख भी नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि सैम (कुपोषित) बच्चों की फीडिंग कराते हुए दवा दी जाए। मुख्य सेविका अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से निरीक्षण करें। जहां बच्चे असुरक्षित दिखें तो इसकी सूचना तत्काल कार्यालय को दें।
ग्राम सभा पिपरा मुंडेरी में डीपीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री देवी अनुपस्थित मिलीं, कोई अभिलेख नहीं मिला, केवल पांच बच्चे उपस्थित मिले। ग्राम सभा पोखरभिंडा में आंगनबाड़ी केंद्र के जांच में कार्यकर्ता उपस्थित थीं, लेकिन अभिलेख में अनुपस्थित थीं, जिसे विभागीय कार्य में लापरवाही मानते हुए समस्त अभिलेख के साथ जिला कार्यक्रम कार्यालय पर उपस्थित होने का निर्देश दिया।
निरीक्षण में ग्राम सभा भरवलियां में केंद्र बंद मिला और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित नहीं मिली। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अनुपस्थित कार्यकर्ताओं से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश बाल विकास परियोजनाधिकारी को दिया।