स्थानीय लोगाें ने चोरी का पर्दाफाश न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। कस्बे के शास्त्रीनगर में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवरात और नगदी उठा ले गए। बुधवार शाम मकान मालिक परिवार के साथ पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों से नाराज स्थानीय लोगों ने दो दिनो में वारदात का पर्दाफाश न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
फरेंदा के वार्ड नौ शास्त्रीनगर निवासी विजय शंकर पांडेय परिवार के साथ ससुराल पश्चिमी चंपारण (बिहार) ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। बुधवार शाम लौटे तो मेन गेट खुला मिला। कमरे का ताला तोड़ कर आलमारी में रखे हुए लाखों के जेवरात व नगदी गायब मिली। उन्होंने घटना की सूचना स्थानीय लोगों के अलावा पुलिस को दी। चोरी की सूचना पर नगर पंचायत चेयरमैन राजेश जायसवाल, मनीष चौबे आदि लोग मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर लोगो में रोष था। स्थानीय लोगों में एडवोकेट मनीष चौबे ने बताया कि विगत कुछ दिनों में तीन चोरी की वारदात हो चुकी है। पुलिस ने किसी भी घटना का अनावरण नहीं किया है। ऐसे में 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सीओ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र पर्दाफाश कर दिया जाएगा।