महराजगंज। जिले के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर तैनात सीएचओ अब गांवों में बुजुर्गों की सेहत का विशेष ख्याल रखेंगे। शासन स्तर से जारी निर्देश के तहत संबंधित सीएचओ अपने केंद्र से जुड़े गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर बुजुर्गों की पहचान करेंगे और उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच व उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
जानकारी के अनुसार, जिले में संचालित 192 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के सापेक्ष 181 सीएचओ की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में ऐसे बुजुर्ग हैं, जो उम्र बढ़ने के साथ विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे हैं। इनमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों का दर्द, सांस संबंधी परेशानी, हृदय रोग और आंखों से जुड़ी समस्याएं प्रमुख हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के माध्यम से बुजुर्गों के लिए यह विशेष पहल शुरू की है।
निर्देशों के तहत सीएचओ गांव-गांव जाकर ऐसे बुजुर्गों की सूची तैयार करेंगे, जो वृद्धावस्था के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं या स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं पहुंच पाते। विशेष स्वास्थ्य शिविरों में बुजुर्गों की ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, ऑक्सीजन स्तर, आंखों की जांच सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए जाएंगे।
आवश्यकता पड़ने पर उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि गंभीर मामलों में उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किया जाएगा। सीएचओ आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम के सहयोग से बुजुर्गों के घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एकत्र करेंगे।