महराजगंज। आरोग्य केंद्रों पर सीएचओ की तैनाती की गई, लेकिन इनमें से ज्यादातर सेंटर पर वह समय से नहीं पहुंचते हैं। इस वजह से लोगों की स्क्रीनिंग नहीं हो पाती है। गांव स्तर पर ही बीमारी का पता लगा कर उचित इलाज किया जाता है, लेकिन शासन की यह मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। यही वजह है की स्क्रीनिंग को लेकर जिले की रैंकिंग खराब है। मंगलवार को आरोग्य केंद्रों की पड़ताल में सीएचओ अपने तैनाती स्थल पर नहीं मिले।
मंगलवार की सुबह 10 बजे हेल्थ वेलनेस सेंटर मोहद्दीनपुर में संजू देवी मिली। उन्होंने बताया कि खांसी की समस्या है। स्क्रीनिंग के लिए सेंटर पर सीएचओ का इंतजार कर रही हूं। लेकिन, वह आई नहीं हैं। इसलिए बिना जांच कराए लौट रही हूं। सुधा देवी ने बताया कि उन्हें शुगर की परेशानी हैं। इसके स्क्रीनिंग के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर गईं। लेकिन वहां पर सीएचओ नहीं मिली।
10:35 बजे हेल्थ वेलनेस सेंटर पिपरा रसूलपुर में विजय मिले। उन्होंने बताया कि करीब आधा घंटे से शुगर की जांच के लिए आया हूं। लेकिन, केंद्र पर कोई मौजूद नहीं मिला। इसलिए कुछ समय तक इंतजार के बाद वापस लौट गया। विद्यावती देवी ने बताया कि करीब तीन दिनों से खांसी की समस्या है। इसके जांच के लिए केंद्र पर स्क्रीनिंग के लिए आई थी, लेकिन यहां पर कोई जिम्मेदार नहीं मिला।11 बजे हेल्थ वेलनेस सेंटर सरडिहा पर बबिता देवी मिलीं। उन्होंने बताया बुखार और खांसी की परेशानी हैं। स्क्रीनिंग के लिए केंद्र पर पहुंची थीं, लेकिन वहां पर कोई मौजूद नहीं था। मुराली ने बताया कि शुगर की जांच के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर पर कोई जिम्मेदार नहीं हैं कैसे स्क्रीनिंग कराएं।