महराजगंज। नगर पालिका परिषद की ओर से बृहस्पतिवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल और अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किया।
समारोह में अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा के बल पर परिवार, विद्यालय और नगर का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने से उनका मनोबल बढ़ता है और दूसरे छात्र-छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, सभासद डॉ. सिद्धार्थ नाथ शुक्ला, ऋषिकेश पटेल, राणा पटेल, लालजी गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि राजू पासवान, नुरुउल्लाह, मनोनीत सभासद राजीव द्विवेदी आदि की मौजूदगी रही।