फरेंदा। क्षेत्र के डड़वार बुजुर्ग में शुक्रवार को खेलते समय जेट्रोफा का फल खाने से चार बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। शनिवार को बीमार बच्चे स्वस्थ होकर घर लौटे तो परिजनों ने राहत की सांस ली। फरेंदा क्षेत्र के डड़वार बु़जुर्ग गांव में जेट्रोफा का पौधा लगा हुआ है। शुक्रवार को दिन में करीब चार बजे गांव के कई बच्चों ने खेलने के दौरान जेट्रोफा का फल खा लिया था।
फल खाने के कुछ ही देर के बाद दिव्यांश (8), रामानंद (12), सचिन (10) व अमर (9) के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया और उन्हें उल्टी होने लगी। बच्चों की तबीयत खराब देखकर चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। बच्चों के तबीयत में सुधार न होता देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। ग्राम प्रधान बाबूराम गुप्ता ने बताया कि बीमार बच्चे स्वस्थ होकर शनिवार को घर वापस आ गए।