अलग-अलग कैटेगरी का किया गया निर्धारण
3000 से अधिक केंद्रों पर 2.50 लाख पात्र पंजीकृत
महराजगंज। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की तरफ से अब जरूरत के मुताबिक (कैलोरी-प्रोटीन) कैटेगरी वाले पुष्टाहार उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब जिस उम्र में जितनी कैलोरी व प्रोटीन की जरूरत उस कैटेगरी का पुष्टाहार विभाग की तरफ से उपलब्ध कराया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्र पर अब नेफेड (नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन आफ इंडिया लिमिटेड) पैकेट बंद पुष्टाहार देगा। केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को मिलने वाले पोषक आहार वितरण की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। मिलने वाले पोषक आहार को लाभार्थियों की श्रेणी के अनुसार अलग-अलग नाम से दिए गए हैं। साथ ही अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को एजेंसी से पोषक आहार लेने के लिए मोबाइल पर आने वाला ओटीपी बताना अनिवार्य होगा। बिना ओटीपी के पोषक आहार नहीं मिलेगा।
पंजीकृत कुल लाभार्थियों की पोषण ट्रैकर पर फीडिंग
विभाग पुष्टाहार वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए लाभार्थियों की सूची प्रेषण ट्रैकर पर फीड करा रहा है। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों से प्रतिमाह पोषक आहार गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं और बच्चों को दिया जाता है। नई व्यवस्था के साथ पोषक के सात कैटेगरी निर्धारित की गई है।
- शिशु अमृत - 6 माह से 1 वर्ष के बच्चों के लिए- आटा बेसन हलवा (मीठा)
- शिशु आहार- 1 से 3 वर्ष के बच्चों के लिए- आटा बेसन हलवा (मीठा)
- बाल पुष्टाहार - 3 वर्ष से 6 वर्ष के बच्चों के लिए-आटा बेसन सोया बर्फी (मीठा)/दलिया मूंग दाल सोया खिचड़ी (नमकीन) सोया खिचड़ी (नमकीन)
- मातृ पोषण - गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए-आटा बेसन बर्फी (मीठा)/दलिया मूंग दाल खिचड़ी (नमकीन)
- आरोग्य पोषण - 6 माह से 1 वर्ष तक के अति कुपोषित बच्चों के लिए- ऊर्जा युक्त हलवा (मीठा)
- बाल संजीवनी - 1 वर्ष से 3 वर्ष के अति कुपोषित बच्चों के लिए- ऊर्जा युक्त हलवा (मीठा)
- सक्षम पोषण - 3 वर्ष से 6 वर्ष के अति कुपोषित बच्चों के लिए- ऊर्जा युक्त हलवा (नमकीन)
वर्जन
शासन ने पुष्टाहार वितरण में पारदर्शिता के लिए प्रयास किए हैं। अब अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से पोषक आहार मिलेगा। निदेशालय से उतने ही लाभार्थियों का पोषक आहार आएगा, जिनका आधार पंजीकरण और चेहरा प्रमाणीकरण पूरा हो गया है।
-दुर्गेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महराजगंज