खंड शिक्षा अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखा किया रवाना
लक्ष्मीपुर। विकास खंड लक्ष्मीपुर क्षेत्र में बुधवार को ब्लाॅक स्तरीय स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत बीआरसी लक्ष्मीपुर परिसर से हुई। खंड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद राणा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर बच्चों ने पूरे बाजार क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर और जोरदार नारों के माध्यम से शिक्षा का महत्व बताया। शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन तथा घर-घर शिक्षा दीप जलाओ, लड़का-लड़की सभी पढ़ाओ जैसे नारों से लक्ष्मीपुर बाजार गूंज उठा। बच्चों की आवाज और उनके जोश ने आमजन का ध्यान आकर्षित किया और अभिभावकों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन बीईओ पिंगल प्रसाद राणा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए रैली को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कराया। रैली में शामिल बच्चों को पहले बीआरसी परिसर में एकत्रित किया गया। इसके बाद उन्हें समूहों में विभाजित कर बाजार के विभिन्न मार्गों से होकर निकाला गया। इस दौरान अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि सरकार बच्चों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिनमें डीबीटी के तहत 1200 रुपये की धनराशि, निशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म तथा बेहतर शैक्षिक वातावरण शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद राणा के साथ डॉ. प्रभुनाथ गुप्ता, डॉ. देवेंद्र राव, दिनेश कुमार यादव, करिश्मा श्रीवास्तव, रेनू गुप्ता, राम सेवक यादव, ध्रुव नारायण गुप्ता, चंद्र प्रकाश, सुनील प्रजापति, मनोज उपाध्याय मौजूद रहे।