महराजगंज। परिषदीय स्कूलों में नये शैक्षिक सत्र का शुभारंभ मंगलवार को स्कूल चलो अभियान से शुरू होकर बच्चों के सम्मान व बैग एवं किताब वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर जयमंगल कन्नौजिया व फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल शामिल हुए जिन्होंने बच्चों का स्वागत फूल माला पहनाकर करते हुए बच्चों को उत्साहित किया।
स्कूल चलो अभियान की रैली मंगलवार सुबह आठ बजे सदर बीआरसी से चौपरिया तक निकाली गई। रैली में सदर के विभिन्न स्कूलों के शिक्षक व विद्यार्थी शामिल रहे। रैली का नेतृत्व बीएसए रिद्धि पांडेय व बीईओ अर्पिता सिंह ने किया। बच्चों ने स्लोगन लगे बोर्ड व शिक्षा है सबका अधिकार जैसे नारे लगाकर जागरूकता फैलाई।
कंपोजिट स्कूल चौपरिया में विभाग की तरफ से कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर व फरेंदा विधायक का स्वागत बीएसए व सीडीओ अनुराज जैन ने बुके देकर किया।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सरकार परिषदीय स्कूल की शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने व संसाधन उपलब्धता पर विशेष ध्यान दे रही है। निशुल्क किताब, बैग व ड्रेस दिया जा रहा है। अभिभावकों को अपने पाल्यों का प्रवेश कराकर उन्हें शिक्षा का मौका उपलब्ध कराएं। फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि मुफ्त किताब, बैग तो बच्चों को निशुल्क विभाग उपलब्ध कराता है, लेकिन सभी अभिभावकों को डीबीटी नहीं मिलती। विभाग को प्रयास करना चाहिए कि अगर बच्चे के अभिभावक तक यह पहुंचे और वह बच्चों के लिए ड्रेस, स्वेटर जूता-मोजा खरीदने के लिए परेशान न हों। जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने कहा कि शिक्षा प्राप्त करना हर बच्चे का अधिकार है।
विभाग को ध्यान देना चाहिए कि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहने पाए। बच्चों को माला पहनाकर मुंह मीठा कराया गया फिर उन्हें बैग व किताबें देकर उत्साहित किया गया। सीडीओ अनुराज जैन ने कहा कि बच्चों की खेल रुचि बढ़ाने के लिए स्पोर्ट्स ग्रांट का प्रावधान किया है।
यह राशि सभी स्कूलों के खाते में भेजी जाती है। विभाग और शिक्षक खेल उपकरण खरीदकर बच्चों को खेलों में भी आगे बढ़ने का अवसर दें। कार्यक्रम में सदर बीआरसी के कर्मी व लगभग सभी स्कूलों के शिक्षक शामिल रहे।