नौतनवा में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं बटालियन ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में प्राकृतिक एवं मानवीय आपदाओं के दौरान बचाव के तरीके बताए।
टीम के 12 सदस्यों उप निरीक्षक देवेन्द्र यादव, ताराचन्द यादव, अनिल शर्मा आदि ने भूकंप एवं बाढ़ के समय अपना और दूसरों का बचाव कैसे करें, ऐसी अप्रिय घटना से निपटने, आपातकाल में घरेलू सामानों से किस तरह से उपचार पहुंचाया जाए, बाढ़ आदि में क्या सावधानियां जरूरी हैं के संबंध में प्रदर्शन कर विद्यार्थियों और नागरिकों को सतर्क किया।
साथ में विद्यार्थियों ने भी अभ्यास किया। आपदाओं से बचाव में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों की एक प्रदर्शनी भी लगाई। जिसमें इनके इस्तेमाल और महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस मौके पर विधायक मुन्ना सिंह, एसडीएम विक्रम सिंह, पूर्व चेयरमैन गुड्डू खान, तहसीलदार धानेश्वर प्रसाद, नायब तहसीलदार तन्मय पांडेय मौजूद रहे।