लक्ष्मीपुर। अड्डा बाजार से सटे ग्राम पंचायत भैसाहिया में स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाउन्ड्रीवाल नहीं होने से बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी जिम्मेदार समस्या के निदान में रुचि नहीं ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय भैसाहिया प्रथम में कुल 110 बच्चों का नामांकन है। विद्यालय में चहारदीवारी नहीं लगी है। जबकि स्कूल के सटे एक विशाल जलाशय है। इससे बच्चों के साथ कभी भी दुर्घटना का अंदेशा है। समस्या के निदान के लिए प्रधानाध्यापक डॉ. डीएन राव ने खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, बीएसए व जिलाधिकारी को भी पत्र लिखा है लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मामले का संज्ञान नहीं ले रहा है। खण्ड शिक्षा अधिकारी पिंगल राणा ने बताया कि वह बीडीओ को पत्र दे चुके हैं। जल्द ही समस्या का समाधान होगा।