महराजगंज। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को ओपीडी में उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित 35 मरीज आए। फिजिशियन की ओपीडी में 20 फीसद मरीज डायरिया जैसे लक्षण के पहुंचे। ओपीडी में कुल 725 मरीज पहुंचे।
जिला अस्पताल के पर्ची काउंटर पर सुबह आठ बजे से मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लग गई थी। पर्ची काउंटर पर भीड़ के चलते सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी लगी थी। जिला अस्पताल की ओपीडी में उपचार कराने के लिए आए मुजहना के योगेंद्र वर्मा ने बताया कि बीते दिन शाम से ही उल्टी के साथ पेट में दर्द की शिकायत थी। समस्या बढ़ने पर इलाज कराने आया हूं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन मिश्रा का कहना है कि दूषित खाना और पानी से भी उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। समय-समय पर बच्चों को पानी पिलाएं, जिससे उनमें पानी की कमी न हो सके। कमरे के तापमान को सामान्य बनाए रखें। रात को तेज ऐसी में बच्चों को न सुलाएं। बच्चों का स्वास्थ्य जरा सा भी बदलाव देखे तो डाॅक्टर को दिखाएं, जिससे समय रहते बीमारी फैलने से रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि मौसम की वजह से ऐसे मरीज आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने सलाह दी कि सेहत का ध्यान रखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। धूप में बिना सिर ढके न निकलें। बाहर के खाद्य पदार्थ खाने से बचें। मौसमी फल, सब्जी व जूस का सेवन करें। ताजा खाना खाएं। सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है।