भैंस चराने गया मासूम पैर फिसलने से नहर में गिरा
सिंदुरिया क्षेत्र के जगदौर गांव का मामला
मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के जगदौर गांव में रविवार की शाम करीब 5.30 बजे भैंस चराने गया रितेश विश्वकर्मा (11) बड़ी नहर में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर लिखे जाने तक बच्चा बरामद नहीं हुआ था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जगदौर निवासी रितेश पुत्र संतोष विश्वकर्मा अपने बड़े भाई विवेक के साथ रविवार शाम सेमरा ढाला के सामने स्थित बड़ी नहर के किनारे भैंस चराने गया था। किसी काम से वह नहर किनारे गया था इसी दौरान अचानक रितेश का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाली नहर में जा गिरा। भाई और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वह देखते ही देखते पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना देकर राहत एवं खोज अभियान शुरू कराया। फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, रितेश की मां बदहवास होकर घटनास्थल पर पहुंच गई। बेटे की मौत की खबर सुनकर वह बार-बार बेहोश हो रही थीं। गांव की महिलाओं ने उन्हें संभालने का प्रयास किया।
इस संबंध में थाना प्रभारी सिंदुरिया विशाल शुक्ला ने बताया कि एसडीआरएफ सहित सभी विभाग मौके पर मौजूद हैं। बच्चे की तलाश जारी है।
पिता करते हैं मजदूरी
ग्रामीणों के अनुसार, रितेश का एक बड़ा भाई और एक बहन हैं। उसके पिता संतोष विश्वकर्मा रोजी-रोटी के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।