महराजगंज। कलक्ट्रेट व समस्त तहसीलों के आधुनिकीकरण, कम्प्यूटरीकरण, स्वच्छता एवं कार्य प्रणाली में नवाचार की दिशा में विशिष्ट कार्य के लिए सीएम ने जिलाधिकारी को आईएसओ प्रमाणपत्र प्रदान किया है। कलक्ट्रेट सहित जनपद की समस्त तहसीलों को आधुनिक और आमजन के लिए अनुकूल बनाने और इंटरनेशनल स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन के मानकों के अनुरूप आधुनिक करने के उद्देश्य से आईएसओ सर्टिफिकेशन की पहल शुरू की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुग्राम की संस्था सान्वी मैनेजमेंट ने जनपद के सभी तहसीलों और कलक्ट्रेट में सिस्टम, प्रोसेस, इंफ्रास्ट्रक्चर व तकनीकी क्षेत्र में सुधार किया गया। इसके तहत कार्मिकों का प्रशिक्षण, पेयजल की उत्कृष्ट व्यवस्था, फीडबैक व शिकायत निवारण प्रणाली सहित अनेक कार्य कराए गए।
साथ ही ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई। कार्यालयों के लेआउट में सुधार किया गया। कार्यालयों में वॉल पेंटिंग, आधुनिक शौचालय, दिव्यांग अनुकूल कार्यालय कराकर तहसीलों और कलक्ट्रेट को जनता के लिए ज्यादा से ज्यादा सुविधाजनक और आरामदेह बनाया गया।
महिलाओं के लिए क्रेच (शिशु सदन) बनाया गया। आईएसओ प्रमाणन के लिए सलाहकारी संस्था शान्वी मैनेजमेंट के पदाधिकारी आजाद सिंह ने बताया कि आईएसओ प्रमाणन के लिए गैप एनालिसिस किया गया। इसके बाद कमियों को दूर किया गया और निर्धारित मानक के अनुसार कार्य कराया गया। सर्टिफिकेशन से पहले समस्त कार्यालयों का थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराया गया।