महराजगंज। विदेश भेजने के नाम पर 94 हजार रुपये हड़प लिए। आरोपी ने पीड़ित का पासपोर्ट भी रख लिया है। पैसे और पासपोर्ट मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी मिल रही है। पुलिस तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर गांव के बनाहवा टोला निवासी संगीता देवी ने पुलिस से बताया है कि पति रामकेवल को विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति ने अपने झांसे में ले लिया। उसके बाद 94 हजार 500 रुपये ले लिए। इतना ही नहीं उसने पति का पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया है। रकम लेने के 11 माह बाद भी उसने पति को विदेश नहीं भेजा। भिटौली थाना प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह ने बताया कि पीड़िता संगीता देवी की तहरीर पर आरोपी डब्लू, उसकी पत्नी व अहमद हुसैन निवासी डेरवा टोला डेरिया के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।