माध्यमिक के 650 शिक्षकों के अभिलेखों की होगी जांच
- यूपी बोर्ड व संस्कृत बोर्ड के 84 माध्यमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षक हैं जांच की जद में
महराजगंज। जिले के यूपी बोर्ड व संस्कृत बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों में तैनात लगभग 650 शिक्षकों के अभिलेखों की डेडिकेटेड(समर्पित) टीम जांच करेगी। विभाग ने अभिलेखों की जांच कराने को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी है। उसे अब शासन के दिशा निर्देश का इंतजार है।
प्रदेश में हाल ही में सामने आए अनामिका प्रकरण के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के राजकीय, सहायता प्राप्त माध्यमिक व संस्कृत विद्यालयों में तैनात सभी शिक्षकों की जांच डेडिकेडेट टीम से कराने की बात कही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों को भी प्रदेश सरकार द्वारा गठित किए जाने वाले डेडिकेटेड टीम संबंधी दिशानिर्देश का इंतजार है। दिशानिर्देश मिलने के उपरांत जिम्मेदारों द्वारा जांच संबंधी प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त व संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों में कुल लगभग 650 शिक्षक कार्यरत हैं। शासन स्तर से दिशा निर्देश मिलने के उपरांत जांच संबंधी कार्रवाई को तेज किया जाएगा।
सहायता प्राप्त विद्यालयों के सर्वाधिक शिक्षकों की होगी जांच
जिले के 17 संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों में 37 शिक्षक, 28 राजकीय विद्यालयों में 46 तथा 39 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कुल लगभग 561 शिक्षक तैनात हैं। इन सभी शिक्षकों के अभिलेखों की जांच कराई जानी है।