नौतनवा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अड्डा बाजार में डॉक्टरों की तैनाती न होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही है। अस्पताल आने वाले मरीजों को फार्मासिस्ट से ही दवा लेकर लौटना पड़ता है।
मंगलवार को फार्मासिस्ट संजय वर्मा मरीजों का इलाज करते मिले। डेंटल हाईजीनिस्ट अशोक प्रताप सिंह एक मरीज के दांत का इलाज कर रहे थे। लैब टेक्नीशियन अर्चना चौधरी लैब रूम में शुगर की जांच कर रही थीं।
क्षेत्र के गांव अड्डा बाजार में क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए शासन की ओर से करोड़ों रुपये खर्चकर अस्पताल का निर्माण कराया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े और विशेषज्ञ चिकित्सक ही इलाज करेंगे, लेकिन यहां चिकित्सकों की तैनाती न होने से अस्पताल विरान पड़ा है।
फार्मासिस्ट के सहारे अस्पताल संचालित हो रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अड्डा बाजार का उद्घाटन तत्कालीन राज्यमंत्री अमर मणि त्रिपाठी ने 21 अप्रैल 2001 को किया था। निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम लिमिटेड महराजगंज द्वारा किया गया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी लक्ष्मीपुर डॉ. विपिन कुमार शुक्ला यहां भी प्रभारी हैं। यहां किसी चिकित्सक की तैनाती नहीं है। वर्तमान में डेंटल हाईजिनिस्ट अशोक प्रताप सिंह, फार्मासिस्ट संजय वर्मा, लैब टेक्नीशियन अर्चना चौधरी की तैनाती है। इस समय मात्र तीन कर्मचारी की तैनाती है।