चाइल्ड केयर यूनिट की जांच करने पहुंचे अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। ‘एक बेड पर भर्ती किए जा रहे तीन नवजात’। इस खबर ने जिला अस्पताल की चाइल्ड केयर यूनिट में फैली अव्यवस्था की ओर जिला बाल कल्याण समिति का ध्यान आकृष्ट किया है। समिति के अध्यक्ष बुधवार को पूरी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और खबर की सच्चाई का पता लगाने के लिए चाइल्ड केयर यूनिट का निरीक्षण किया।
इस खबर को अमर उजाला ने 30 मार्च के अंक में प्रकाशित किया था। चाइल्ड केयर यूनिट के निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष विनोद तिवारी ने स्टाफ नर्स से नवजातों के इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को इलाज की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया और कहा कि मासूमों के इलाज में लापरवाही किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद अध्यक्ष ने जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड का भी निरीक्षण किया।