नगर पंचायत में विकास के नाम पर अनियमितता और घपले के आरोपों की जांच की मांग को लेकर आमरण अनशन कर रहे सभासद को विकास विरोधी बताते हुए नगर पंचायत के अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत में जो भी विकास कार्य हुए हैं, वे सब बोर्ड के प्रस्ताव पर हुए हैं।
विकास विरोधी सभासद को यह रास नहीं आ रहा है और वे झूठे आरोप लगाकर अनशन पर बैठ गए। अध्यक्ष ने बुधवार को पत्रकारों से बात चीत में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि सभासद का सारा आरोप निराधार है।
उन्होंने कहा कि सभासद के अनशन के पीछे विकास विरोधी कुछ और लोग भी हैं जो नगर पंचायत का चुनाव निकट देख सभासद के अनशन को हवा दे रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत के दस सभासद हमारे साथ हैं जो जिलाधिकारी को अपने पत्र से अवगत करा दिये हैं कि वे सभासद संजय जायसवाल के विकास विरोधी धरना व आमरण अनशन का विरोध करते हैं।
उन्होंने कहा संजय जायसवाल ने नगर पंचायत के कार्यों की जांच के लिए लोकायुक्त से मांग किए हैं। वह उनका अधिकार है। हम भी जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सभासद संजय जायसवाल के अनशन का जो लोग समर्थन कर रहे हैं वे लोग खुद नगर पंचायत के जमीन के अवैध कब्जेदा व बकायेदार हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रेस वार्ता के दौरान सभासद देवीशरन दूबे, कृष्ण कुमार वर्मा, झिन्ने सिंह, नीरा देवी, सुशीला देवी, ध्रूव वर्मा, मुन्नी देवी, मुहम्मद शाविर अली आदि मौजूद रहे।