नौतनवा। खाद की खरीद करने वाले काश्तकारों की संख्या नौतनवा तहसील में सर्वाधिक पाए जाने को ध्यान में रखकर प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्र के सभी समितियों पर लगातार वीडियोग्राफी के जरिए नजर रखी जा रही है, तो वहीं पॉश मशीन के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद जोत रकबे से ज्यादा खाद खरीदने वाले किसानों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कराया जाएगा।
एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि भारत सरकार के आईएफएमएस पोर्टल के अनुसार जनपद में माह जून और जुलाई में सैकड़ों काश्तकारों ने पॉश मशीन में अंगूठा लगाकर 22 से 33 बोरी से भी अधिक खाद की खरीद की है। इसकी जांच करने पर सीमावर्ती तहसील नौतनवा से जुड़े काश्तकारों की संख्या जिले में सबसे अधिक पाई गई। इसको लेकर विभागीय जांच के निर्देश मिले हैं।
एसडीएम का कहना है कि क्षेत्रीय काश्तकारों की जांच कराई जा रही है। जोत रकबा के लिहाज से अधिक उर्वरक खरीदने वाले किसानों को चिन्हित कर उनके खिलाफ केस दर्ज कराने के साथ अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।