संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। निचलौल नगर पंचायत के एक वार्ड निवासी शख्स की ओर से फर्जी संस्था बनाकर लोगों से 1.45 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है।
इस मामले में पीड़ित की ओर से पुलिस से शिकायत की गई थी। फिलहाल इस मामले में पुलिस पीड़ित के तहरीर पर आरोपी शख्स के खिलाफ केस दर्ज कर ली है।
कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत ख़ेसरारी निवासी जजरुन निशा ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि नगर पंचायत निचलौल के हर्रेडिह वार्ड में एक शख्स ने 2016 से 2023 तक सुरभी मल्टी प्रोडक्ट लिमिटेड के नाम से फर्जी संस्था बनाकर महीने और सालाना किस्त जमा कराया गया। इस दौरान गुमराह करके शख्स ने उनसे 120000 रुपये व ओमकार से 8000 और अवधेश का 17000 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई है। इतना ही नहीं इनके अलावा 25 से अधिक लोगों को भी सुरभि मल्टी प्रोडक्ट लिमिटेड के प्रोडक्ट बनाने और रुपये को ब्याज सहित लौटाने के नाम पर धोखाधड़ी की गई है।
अब रकम वापस करने की मांग पर शख्स की ओर से धमकी दी जा रही है। वही थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी संपूर्णानंद निवासी हर्रेडिह वार्ड के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।