निचलौल। क्षेत्र अंतर्गत मुसहर बस्ती गेड़हवा में मामूली बात को लेकर कुछ मनबढ़ एक युवक की पिटाई कर रहे थे। युवक को बचाने पहुंचे चाचा की भी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए। न्यायालय के आदेश पर रविवार को पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया।
क्षेत्र के गेड़हवा निवासी व्यास चौहान ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दाखिल वाद में बताया है कि 15 जून 2024 शाम करीब सात बजे कुछ मनबढ़ लाठी-डंडे के साथ गोलबंद होकर मामूली बात पर उनके भतीजे दिलीप को पीट रहे थे। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी, जिससे दोनों घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। पुलिस से शिकायत के बाद आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय में वाद दाखिल किया। थाना प्रभारी गौरव कन्नौजिया के अनुसार, मामले में न्यायालय में दाखिल वाद के आधार पर आरोपी उतीम, उमेश, हृदेश और सुशीला निवासी गेड़हवा के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज हुआ है।