महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के कृत पिपरा गांव में गेहूं के खेत की सिंचाई को लेकर मारपीट हो गई। हमलावरों की गाड़ी पर पुलिस लिखा हुआ था, जिसे घटनास्थल पर छोड़कर वे फरार हो गए। पुलिस ने मामले में चार नामजद समेत सात अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामवासी रामछबिले पटेल ने सुबह गेहूं के खेत में सिंचाई को लेकर विपक्षी को टोका था। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोपियों ने सुबह ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। शाम होते ही चार बाइकों पर सवार आठ अज्ञात लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग निकले। भागने के दौरान वे अपनी एक पुलिस लिखी बाइक और तीन लोहे की रॉड छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस लिखी बाइक को जब्त कर लिया। इस पूरी घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
इस हमले में रामछबिले पटेल, उनकी पत्नी सरिता पटेल और उनके भाई सुगन पटेल को चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार राय के अनुसार, पीड़ित की तहरीर पर दिनेश पटेल, आशुतोष पटेल और दिनेश की मां व चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट, बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल से जब्त पुलिस लिखी बाइक और लोहे की रॉड को सीज कर दिया गया।