महराजगंज। थाना क्षेत्र के ठूठीबारी मार्ग स्थित नवीन सब्जी मंडी गेट के पास नहर पुल पर कुछ बाइक सवारों ने एक कार को रोक पत्थर और रॉड से हमला कर दिया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रहा कि हमलावरों के चंगुल से निकलकर किसी तरह कार सवारों ने जान बचाई।
वहीं इस मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पीड़ित जय सिंह निवासी बरगदवा वार्ड नगर पंचायत निचलौल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक फरवरी को यादव चौराहा पर उनसे और श्रीराम यादव के बीच मारपीट हुई थी। इसी बीच 3 फरवरी की रात करीब 10 बजे रात को रिश्तेदार अनूप यादव निवासी गुरली रामगढ़वा थाना कोठीभार मेरे लड़के आदित्य को कार से महराजगंज से घर के लिए लौट रहे थे।
अभी वह निचलौल शहर स्थित नवीन सब्जी मण्डी के पास नहर पुल पर पहुंचे थे। इसी बीच उक्त मारपीट के रंजिश को लेकर श्रीराम यादव कुछ सहयोगियों के साथ कार के आगे बाइक खड़ी कर उन्हें रोक लिया। उसके बाद कार पर पत्थर और रॉड से ताबड़तोड़ हमला करने लगे। जिस दौरान कार काफी क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत रहा कि हमलावरों से वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले। घटना के बाद से वह काफी डरे और सहमें हैं। निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया के अनुसार, मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी बिंद्रेश, श्रीराम, भोलू के अलाव चार अन्य सहित कुल सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।