फरेंदा। बृजमनगंज क्षेत्र के रेलवे स्टेशन चौराहे पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में कार आ गई। इससे कार में सवार चार उपनिरीक्षक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात में बृजमनगंज थाने पर जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए धानी चौकी प्रभारी आलोक राय, उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह, अरविंद यादव व गजेंद्र प्रताप सिंह कार से बृजमनगंज की ओर जा रहे थे।
इस बीच उनकी कार रेलवे स्टेशन चौराहे के समीप पहुंची थी कि फरेंदा की तरफ से मिट्टी लाद कर आ रही ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गई। ट्रैक्टर की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार से टकराने के बाद ट्रैक्टर का पिछला पहिया फट गया। कार का एयरबैग खुलने की वजह से कार सवार सभी उपनिरीक्षक को हल्की चोटे आई हैं, जबकि ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।