महराजगंज। जिले में आठ वर्षों में विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में अधीक्षण अभियंता वाई की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। जिले में 33/11 केवी के कुल 16 नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए गए हैं। इसमें से तीन उपकेंद्र सौभाग्य योजना के तहत बने हैं। अन्य योजनाओं के अंतर्गत सात उपकेंद्रों का निर्माण हुआ है। जबकि 17 विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता में वृद्धि की गई है। इससे जिले में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि जिले में उच्च और निम्न स्तर की विद्युत लाइनों का बड़े पैमाने पर विस्तार किया गया है। इसमें 33 केवी की 108.26 किमी नई लाइनें बिछाई गई हैं। जबकि 42.71 किमी पुरानी लाइनों को सुदृढ़ किया गया। इसके अलावा, 11 केवी की 647.73 किमी नई लाइनें बनाई गई और 211.71 किमी लाइन मजबूत किया गया। उन्होंने बताया कि विद्युत चोरी को रोकने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 878.23 किमी एलटी एबी केबल का निर्माण किया गया।
साथ ही, 1549.47 किमी एलटी बेयर कंडक्टर को एलटी एबी केबल से बदला गया। इससे ट्रांसमिशन लॉस में कमी आई है। उन्होंने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत 59313 उपभोक्ताओं को निशुल्क बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। इस दौरान विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक वीरेंद्र चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, जिला महामंत्री ओमप्रकाश पटेल गोरखपुर के चीफ इंजीनियर ई, विनोद कुमार आर्या,एक्सईएन ई,चंद्रेश उपाध्याय, ई, शैलेन्द्र गौतम, ई, देवेन्द्र सिंह मौजूद रहे।