महराजगंज। अधिक से अधिक पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चला रहा है। जनपद के 58 गांवों में आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए शिविरों का आयोजन कर 700 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में अभी भी कई ऐसे पात्र नागरिक हैं जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन सका है। आधार कार्ड में त्रुटि, मोबाइल नंबर लिंक न होना, दस्तावेजों की कमी या जानकारी के अभाव जैसी समस्याओं की वजह से लोग आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा सके हैं। इन्हीं समस्याओं को दूर करने और लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के लिए गांव-गांव शिविर लगाकर कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। प्रभारी सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए सोमवार को शेष गांवों में भी शिविर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।