दलित संवाद महासम्मेलन को लेकर विवाद
महराजगंज। चौरी चौरा गोरखपुर में प्रस्तावित/दलित संवाद महासम्मेलन में भाग लेने आ रहे अखिल भारतीय अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष विधायक आनंदपाल गौतम और उत्तर प्रदेश अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष सांसद तनुज पुनिया को लखनऊ एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई से दलित समाज में आक्रोश है।
रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार डॉ. आंबेडकर के संविधान में विश्वास नहीं रखती, तानाशाही अपनाकर विपक्ष मुक्त उत्तर प्रदेश बनाना चाहती है। भाजपा सरकार दलित विरोधी है। आलोक प्रसाद ने चेतावनी दी कि कांग्रेस नेताओं को परेशान करने से दलित समाज अब और मजबूती से कांग्रेस के साथ खड़ा है। आने वाले चुनावों में इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और आंबेडकर के संविधान की सच्ची स्थापना करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान रामनारायण प्रसाद, कपिल देव शुक्ला, विनोद सिंह, जग्गू प्रसाद, पूर्णमासी प्रसाद, गोवर्धन प्रसाद मौजूद रहे।