महराजगंज। धनेवा स्थित जवाहर नवोदय परिसर में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया गया। शाम के समय स्कूल परिसर में कैंप फायर कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें कैडेट्स ने देशभक्ति के तराने व एकांकी से न सिर्फ अपनी दक्षता प्रदर्शित की, बल्कि प्राचार्य के साथ मिलकर लिट्टी-चोखा तैयार कर स्वाद चखा।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, महराजगंज में स्काउट गाइड तृतीय सोपान का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसमें गोंडा, कुशीनगर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर, गोरखपुर, मऊ जनपद के नवोदय कैडेट्स शामिल हैं। शनिवार दिन के प्रशिक्षण में प्रशिक्षक शंशाक गुप्ता ने स्काउटिंग के आदर्श, नेतृत्व क्षमता,अनुशासन, सेवा-भाव एवं टीम भावना पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में इन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।प्रशिक्षण उपरांत कैंप फायर के दौरान स्काउट्स ने देशभक्ति गीत, समूहगान, लोकगीत, लघु नाटिका एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मनोरंजन कर अपनी अतिरिक्त दक्षता प्रदर्शित की जिसमें प्राचार्य धीरज कुमार ने कैडेट्स को उत्साहित किया। स्काउट मास्टर शफीक तोरगल ने स्काउट के नियम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कैंप फायर के बाद कैडेट्स ने प्राचार्य व प्रशिक्षकों संग बाटी चोखा बनाकर स्वाद का लुत्फ लिया।