महराजगंज। वाइब्रेंट विलेज गांवों में प्रस्तावित कार्यों के डीपीआर जल्द से जल्द पोर्टल पर अपलोड करें। सभी विभाग सुनिश्चित करें कि योजनाओं की प्रगति पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े और जनपद की रैंकिंग न गिरे। योजनाओं में सी और डी कदापि स्वीकार्य नहीं है।
यह निर्देश मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों संबंधी विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा के दौरान दिए। जिलाधिकारी ने कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने फैमिली आईडी निर्माण को भी मिशन मोड में करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग अपने अपने लाभार्थियों की फैमिली आईडी को लक्षित तरीके से बनवाना सुनिश्चित करें। कहा कि इस माह हर हाल में लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत लाभार्थियों की फैमिली आईडी निर्माण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने उद्यान अधिकारी को निर्यात के लिए बागबानी फसलों को चिह्नित कर निर्यात हेतु कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करें। उन्होंने एनआरएलएम की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने और उनकी व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।