नौतनवा। तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा पुरैनिहा स्थित चौराहा पर मौजूद खलिहान और बंजर की सुरक्षित जमीन का मंगलवार की सुबह तहसीलदार कर्ण सिंह और नायब तहसीलदार ने निरीक्षण किया। यहां मौके पर करीब एक दर्जन व्यक्तियों का स्थायी व अस्थायी कब्जा पाया गया। सभी को जल्द जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए।
तहसीलदार कर्ण सिंह एवं नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि विवाह, धार्मिक आयोजनों एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए शासन द्वारा कल्याण मंडपम बनाए जाने की योजना है। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। लेखपालों द्वारा दी गई रिपोर्ट के मुताबिक क्षेत्र के पुरैनिहा में करीब एक एकड़ खलिहान और बंजर के नाम से सुरक्षित जमीन है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उक्त जमीन पर कुछ लोगों का कब्जा है। संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया जाएगा ताकि जल्द से जल्द उक्त जमीन को कब्जा मुक्त कराया जा सके। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नौतनवा संदीप कुमार सरोज, लेखपाल रमेश गुप्ता, राहुल शर्मा मौजूद रहे।