अड्डा बाजार। कस्बे से गोरखपुर के लिए रोडवेज बस समय से नहीं मिल रही है। ऐसे में नियमित गोरखपुर सफर करने वालों को परेशानी हो रही है। लोगों को निजी बसों से अधिक किराया खर्च कर गोरखपुर जाना पड़ रहा है।
अड्डा बाजार के धीरेंद्र कहते हैं कि बस कभी सात बजे जाती है तो कभी आठ बजे। निर्धारित समय नहीं होने से समस्या होती है। कभी बस पहले चली जाती है तो निजी साधन से अधिक किराया देकर जाना पड़ता है। वहीं दिलीप वर्मा ने बताया कि बस का अनियमित संचालन होने से लोगों काे परेशानी हो रही है। इसका निजी बस संचालक लाभ उठा रहे हैं। वीरेंद्र यादव ने बताया कि रोडवेज बस से अड्डा बाजार से गोरखपुर का किराया 135 रुपये लगता है, जबकि निजी वाहन चालक 150 रुपये लेते हैं।
बनगाई के रजवंत ने बताया कि मजबूर होकर प्राइवेट बस का सहारा लेना पड़ता है। परिवहन विभाग के जिम्मेदार नियमित बस का संचालन नहीं करा रहा है।