कोल्हुई। गोरखपुर जनपद के खजनी क्षेत्र में मासूम वैभव की पड़ोसी द्वारा की गई हत्या के विरोध में रविवार की शाम को कोल्हुई कस्बे के सर्राफा व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कैंडल मार्च कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर निकला। व्यापारियों के हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग वाले पोस्टर थे। मार्च में शामिल लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें फांसी जैसी कठोर सजा दी जाए। इस अवसर पर सर्राफा व्यापारियों ने मृतक वैभव की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर संतोष वर्मा, मनोज वर्मा, विनोद वर्मा, अमित वर्मा, पप्पू वर्मा, वैजनाथ वर्मा, चुन्नी अख्तर, पवन वर्मा, प्रदीप अख्तर आदि की मौजूदगी रही।