महराजगंज। नेपाल में बजट भाषण को लेकर मंगलवार को भंसार कार्यालय बंद रहा। भैरहवा तक जाने वाले भारतीय पर्यटक वाहनों को सुविधा पास के बाद जाने की अनुमति मिली। मंगलवार को पयर्टक वाहन लेकर नेपाल नहीं जा सके।
भैरहवा भंसार कार्यालय ने गेट पर एक नोटिस चस्पा कर दिया है। इसमे लिखा गया है कि मंगलवार को नेपाल में बजट भाषण है। इसके कारण भैरहवा से आगे जाने वाले कोई भी वाहन पास नहीं होंगे। भंसार कार्यालय पूरी तरह से बंद रहेगा। मंगलवार को निजी साधन से लुंबिनी पोखरा और काठमांडू जाने वाले भारतीय पर्यटक सरहद पर फंसे रहे। भंसार खुलने की प्रतीक्षा करते देखे गए। बजट भाषण के उपरांत सिस्टम अपडेट होने के बाद सुचारू रूप से भंसार कार्यालय पर कामकाज शुरू हो जाएगा। बजट भाषण के उपरांत भंसार दर में बढ़ोतरी हो सकती है। अभी बाइक का 200, चार पहिया वाहन का 600 रुपया नेपाली एक दिन का भंसार काटना पड़ता है। मंगलवार को भंसार कार्यालय के बाहर गाड़ी खड़ी कर इधर उधर जानकारी हासिल कर रहे थे। गोरखपुर, वाराणसी, मेरठ, लखनऊ समेत अन्य शहरों से पर्यटक बेलहिया से ही लौट गए। कुछ भैरहवा तक सुविधा बनवाकर भ्रमण किए। शाम में तमाम पर्यटक इंतजार करते रहे।
इंस्पेक्टर बेलहिया कृष्ण कुमार बिस्ट ने बताया कि पांच बजे के बाद निर्देश मिलने पर वाहनों को एंट्री दी जाएगी।