भाई व लेखपाल, कानूनगो पर दर्ज हुआ धोखाधड़ी का मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। घुघली थाना क्षेत्र की ग्राम सभा पकड़ी बिशुनपुर के एक व्यक्ति ने सगे भाई को मृतक बताकर उसके हिस्से की जमीन पर अपना नाम चढ़वा लिया। जानकारी होने पर उसके भाई ने अधिकारियों का चक्कर लगाना शुरू कर दिया। महीनों चक्कर काटने के बाद हुई जांच में वह जीवित पाया गया। मामले में भाई लेखपाल व कानूनगो के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
घुघली क्षेत्र के पकड़ी बिशुनपुर निवासी वाजिद अली ने बताया कि वह पिछले 28 वर्षों से दिल्ली में रहकर दुकान चलाते हैं। साल में एक-दो बार आना-जाना लगा रहता है। पिछले वर्ष मई 2022 में घर आए तो एक-दो लोगों ने कहा कि जमीन तुम्हारा भाई ने हड़प ली है। लेकिन मुझे विश्वास नहीं हुआ।
बताया कि बीते नवंबर माह में जब मैं घर आया तो मेरे एक रिश्तेदार ने वही बात कही तो मुझे यकीन होने लगा। अगले दिन अपने खेत गाटा संख्या 235 की खतौनी निकलवाई तो पता चला कि मेरे भाई माजिद अली ने फर्जी अभिलेख मृत्यु प्रमाणपत्र तथा परिवार रजिस्टर नकल बनाकर ग्राम सभा के लेखपाल व कानूनगो के साथ मिलकर साजिश के तहत मेरा खेत हड़प लिया। खतौनी में मुझे मृतक दिखाकर मेरा नाम काटकर मेरे भाई का नाम दर्ज करा दिया गया।
कहा कि जानकारी होने पर मैं जिले के अधिकारियों से मिला और अपनी बात बताई। मंडलायुक्त तथा मुख्यमंत्री कार्यालय को भी पत्र भेजा। लगभग छह महीने दौड़ने के बाद अधिकारियों ने जांच कराई तो मुझे जीवित पाया गया और मेरा नाम खतौनी में दर्ज हुआ। अब मेरा भाई मुझे जान से मारने की धमकी दे रहा है।
घुघली थानाध्यक्ष नीरज राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी माजिद अली, लेखपाल भोला प्रसाद व कानूनगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।