परतावल में बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने शुक्रवार को प्रदेश और केंद्र सरकार पर नेताओं ने जमकर हमला बोला। कहा कि मुख्यमंत्री ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। कृषक इंटर कॉलेज में जुटी भीड़ से उत्साहित बसपा नेताओं ने कहा कि आप सभी अभी असुरक्षित हैं लेकिन बसपा इस गुंडाराज को खत्म करेगी।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री लालजी वर्मा ने कहा कि समाजवादी सरकार के कामकाज के चार साल पूरे हो गए लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सभी वादे झूठे निकले। बेरोजगारी भत्ता दे कर बंद कर दिया गया। किसानों से 24 घंटे बिजली, मुफ्त में सिंचाई और कर्ज माफी का वादा महज घोषणापत्र में ही था। इसका जवाब 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता देगी। कहा कि प्रदेश में बसपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी।
पूर्व सभापति व पनियरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी गणेश शंकर पांडेय ने कहा कि समाजवादी सरकार में किसान, व्यापारी, मजदूर साथ साथ जो पुलिस वाले समाज को सुरक्षा देते हैं, वे खुद असुरक्षित हैं। आए दिन खबरें मिलती हैं कि पुलिस वाला पीटा गया। बहुजन समाज पार्टी की सरकार ही गुंडा राज को खत्म कर जनता में शांति व्यवस्था ला सकती है। कहा कि यह कृषि प्रधान क्षेत्र है। अगर गन्ना का सबसे अधिक भुगतान हुआ और उचित मूल्य मिला तो बसपा सरकार में।
पनियरा विधायक देवनारायण उर्फ जीएम सिंह ने कहा की सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के लिए परतावल से इंदरपुर के लिए कई बार धरना दिया लेकिन हमारी सरकार न होने के कारण एक न सुनी गई। अगर आप लोग पनियरा क्षेत्र का विकास चाहते हैं तो गणेश शंकर पांडेय को जिताकर मायावती के हाथ को मजबूत करें। विशिष्ट अतिथि दिनेश चन्द्रा, आरएस कुशवाहा, डी मेघरा, रामसुरेश चौधरी, लालजी भारतीय, जिलाध्यक्ष नारद राव ने भी संबोधित किया। विनय शंकर तिवारी, निर्मेष मंगल, आफताब आलम, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष गणेश पांडेय, रवि प्रकाश सिंह, ओम नारायण पांडेय, देवेन्द्र उपाध्याय, अभय पटेल समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।