महराजगंज। जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। जिले के पनियरा, फरेंदा और नौतनवा क्षेत्र में कुल पांच पुलों के निर्माण के लिए शासन स्तर से बजट की मंजूरी मिल गई है। इन पुलों के निर्माण कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग द्वारा जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके बाद इन पुलों का निर्माण कार्य शुरू होगा। इन क्षेत्रों में पुलों का निर्माण होने से लगभग तीन लाख की आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, शासन की ओर से लोक निर्माण विभाग को नौतनवा क्षेत्र में सीएसएनटीएन से गनेशपुर-बेलहिया-विशुनपुर-गरहवा मार्ग पर लघु सेतु निर्माण के लिए 95.81 लाख रुपये, पनियरा क्षेत्र में धर्मपुर-देउरवा-पनियरा मार्ग पर टेमर नाले पर लघु सेतु निर्माण के लिए 201.48 लाख रुपये और देवीपुर-अक्टहवा-पनियरा खोरनइया मार्ग पर स्थित कटहल चौराहा पर लघु सेतु निर्माण के लिए 233.05 लाख रुपये की मंजूरी मिली है। इसके इलाज देवीपुर अक्टहवा मार्ग पर स्थित अमहवा नाले पर लघु सेतु निर्माण के लिए 199.04 लाख रुपये, और फरेंदा क्षेत्र के सहजनवा बाबू-गुजरौलिया-मिश्रवलिया से खड़खोडी़ मार्ग पर स्थित मटियरवा ताल पर लघु सेतु निर्माण के लिए 174.08 लाख रुपये का बजट मिला है। विभाग की ओर से इन परियोजनाओं का डीपीआर तैयार कर इसके स्वीकृति के लिए दो साल पहले शासन को भेजा गया था। उसके बाद अब शासन से इन पांच लघु सेतु निर्माण कार्यों के लिए बजट की मंजूरी मिली है।
विभाग की ओर से इन परियोजनाओं के लिए टेंडर की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और जल्द ही इन पुलों का निर्माण कार्य शुरू होगा। अड़बड़हवा गांव के आकर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि अमहवा नाले में पुल न होने के कारण लोगों को दूसरे रास्ते आना जाना पड़ता है। पुल बन जाने से लोगों को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी। महेंद्र कुमार ने बताया कि मटियरवा ताल पर जर्जर पुल के कारण लोगों को आवागमन में बहुत परेशानी होती है। नीरज गौतम ने बताया कि कटहल चौराहा पर स्थित पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पनियरा बाजार से गांगी-भवानीपुर-=बहरामपुर-गोनहा, हरिरामपुर-नरकटहा-मंसूरगंज-अक्टहवा और पीपीगंज गोरखपुर जाने के लिए सीधा मार्ग है। लेकिन पुल जर्जर होने के कारण लोगों को रात में दूसरे रास्ते आना-जाना पड़ रहा है।