सक्सेना चौक से निचलौल मार्ग पर पिकअप पर बैठकर जाते लोग
महराजगंज। जिले में सामान माल वाहन सवारियां ढो रहे हैं। हाल ये है कि ट्रैक्टर-ट्राॅली और पिकअप पर बेहिसाब सवारियां लादकर जहां ट्रैफिक नियम तोड़े जा रहे हैं, वहीं लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाली जा रही है। बीते दिनों परतावल क्षेत्र में पिकअप अनियंत्रित होकर पलटा तो 12 मजदूर घायल हो गए थे। इसके बाद भी अधिकारी सुधि नहीं ले रहे हैं। हादसों में कमी आए, इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाता है, लेकिन इसके बाद भी व्यवस्था में कोई सुधार होता नहीं दिख रहा है।
सामान ले लाने वाले वाहनों पर बेतरतीब ढंग से सवारियां ढोई जा रही हैं। यहां शहर व आसपास क्षेत्रों में धड़ल्ले से सवारियां ढोई जा रही हैं। पिकअप व ट्रैक्टर-ट्राॅली पर दर्जनों लोगों को बैठाकर इनका इस्तेमाल बतौर सवारी वाहन किया जा रहा है। मंगलवार को शहर में निचलौल रोड पर पिकअप पर लोग सवारी वाहनों की तरह बैठकर यात्रा करते नजर आए। जागरूक लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था का ये सबसे खराब हिस्सा है। वहीं दूसरी ओर फरेंदा रोड पर ट्रैक्टर ट्राॅली से लोग सवार होकर जा रहे थे। मालवाहक वाहनों से सवारियां लाने व ले जाना गैरकानूनी है। अर्थदंड के साथ जेल भेजने तक की व्यवस्था है, लेकिन परिवहन व यातायात विभाग की अनदेखी के कारण मालवाहक वाहन धड़ल्ले से सवारियों को लाने व ले जाने का काम कर रहे हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि समय-समय पर जांच की जाती है। चुनाव के बाद अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का पालन करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाता है।