महराजगंज जिले के नौतनवां क्षेत्र के एक गांव में आई युवती से उसका कथित प्रेमी शुक्रवार को मिलने पहुंच गया। वहां जाकर अपनी प्रेमिका से साथ चलने के लिए कहा, जब उसने इनकार कर दिया तो युवक ने ब्लेड से अपना गला काटने का प्रयास किया। वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवां में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थनगर जनपद के लोटन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का ननिहाल कोल्हुई थाना क्षेत्र के एक गांव में है। जहां युवक का एक युवती से प्रेम हो गया। युवक मुंबई में रहकर काम करता है। वह परिजनों को बगैर बताए अपनी प्रेमिका से मिलने कोल्हुई थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने ननिहाल चला गया।
जब वहां युवक ने प्रेमिका को नहीं देखा तो वह लोगों से पता किया, जब उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका अपने माता-पिता के साथ नौतनवां थाना क्षेत्र के एक गांव रिश्तेदारी में गई है, तो प्रेमी युवक प्रेमिका से मिलने गुरुवार की रात वहां भी पहुंच गया, लेकिन उसे वहां से भगा दिया गया।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह युवक दुबारा गांव में प्रेमिका से मिलकर साथ चलने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। उसके बाद प्रेमी युवक ब्लेड से अपना गला काटने लगा। यह देख चीख-पुकर मच गई। उसे पुलिस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय ने बताया कि युवक का इलाज के लिए सीएचसी नौतनवां में भर्ती कराया गया। युवक के परिजन भी आए हैं। दोनों पक्ष में सुलह समझौते की बात चल रही है।