परतावल। श्यामदेउरवा क्षेत्र के अमवा उर्फ बसडिला गांव में सरकारी खलिहान की जमीन पर निर्माण कराने को लेकर शनिवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की है।
विज्ञापन
एक पक्ष के हरिप्रसाद का आरोप है कि सरकारी खलिहान की जमीन पर कुछ लोग जबरन निर्माण करा रहे थे। पंचायत में पहले ही इस जमीन पर निर्माण नहीं कराने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद निर्माण सामग्री रखी गई। विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। वहीं, दूसरे पक्ष के सूरज कुमार का कहना है कि आपसी समझौते के तहत वह अपने हिस्से की जमीन पर झोपड़ी और दीवार बनवा रहे थे। विपक्षियों ने निर्माण गिरा दिया और विरोध करने पर मारपीट की।