18 बोरी कद्दू बीज बरामद, प्रत्येक बोरी में 40 किलोग्राम था बीज
महराजगंज। इंडो-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने सोमवार को 720 किलोग्राम अवैध कद्दू बीज बरामद किया है। हालांकि इस दौरान आरोपी भाग निकले। यह कार्रवाई एफ समवाय झुलनीपुर की सीमा चौकी शीतलापुर क्षेत्र में की गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 1:30 बजे बीओपी एसएसबी चौकी शीतलापुर को सूचना मिली कि कुछ तस्कर नेपाल से भारत की ओर अवैध सामान लाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सीमा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनवीर सिंह रावत के नेतृत्व में विशेष नाका टीम का गठन किया गया। एसएसबी टीम सीमा पर स्थित पिलर संख्या 502 और 503 के बीच ग्राम शीतलापुर के समीप केला बागान के पास पहुंचकर निगरानी करने लगी। करीब 2:10 बजे कुछ लोग नेपाल की ओर से सिर पर बोरे लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करते दिखाई दिए। जैसे ही तस्करों को नाका पार्टी की भनक लगी, वे बोरे फेंककर वापस नेपाल की ओर भागने में सफल हो गए। एसएसबी जवानों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया लेकिन अंतरराष्ट्रीय सीमा निकट होने के कारण तस्कर नेपाल क्षेत्र में भागने में सफल रहे।
तलाशी के दौरान मौके से कुल 18 बोरी कद्दू बीज बरामद किया गया। प्रत्येक बोरी में 40 किलोग्राम बीज था, इस प्रकार कुल 720 किलोग्राम कद्दू बीज जब्त किया गया। बरामद सामान को जब्ती सूची तैयार कर अग्रिम कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया।