जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़।
महराजगंज। युवाओं में फास्ट फूड का बढ़ता प्रयोग हड्डियों का दर्द दे रहा है। बृहस्पतिवार को हाथ पैर की हड्डियों में दर्द की शिकायत लेकर 17 मरीज पहुंचे जिसमें 13 की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच रही।
चिकित्सकों ने हड्डियों में कैल्शियम की कमी से दर्द की समस्या बताते हुए खानपान में बदलाव और व्यायाम की सलाह दी।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 767 मरीजों का उपचार हुआ। डाॅ. विकास ने बताया कि फास्ट फूड के प्रति दिलचस्पी युवाओं को हड्डी रोग दे रहा है। पौष्टिक आहार न लेने के कारण युवाओं में कैल्शियम की कमी हो रही है।
फास्ट फूड का अधिक इस्तेमाल करने से हड्डियों में कैल्शियम, फास्फोरस की कमी हो जाती है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस बीमारी हो सकती है। इसमें हड्डिया घिसने से जोड़ों में दर्द और चलने में परेशानी महसूस होती है। ऐसे मरीज खानपान में सावधानी बरतें।
डेयरी उत्पाद का उपयोग बढ़ाएं और फास्ट फूड का सेवन कम करें। नियमित व्यायाम से भी लाभ मिलेगा। हड्डियों में लगातार दर्द की समस्या होने पर डाॅक्टर की सलाह जरूर लें।