पनियरा। लक्ष्मीपुर बंगाली चौराहे के मोड़ पर सोमवार की सुबह छात्रों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी बाइक में टकराकर गड्ढे में पलट गई। इससे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। किसी तरह से उन्होंने बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में तीन बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। घटना के बाद काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के राजपुर में स्थित एक प्राइवेट स्कूल की बोलेरो सोमवार सुबह महराजगंज जिले के लक्ष्मीपुर गांव समेत आसपास के गांवों के 15 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। अभी लक्ष्मीपुर के बंगाली चौराहे के मोड़ पर पहुंची था कि गाड़ी मोड़ते समय अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी बाइक में टकराकर सड़क के किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे के बाद बच्चे सहम गए। आसपास के लोगों ने गाड़ी से उन्हें बाहर निकालकर पानी पिलाई। बोलेरो में सवार सभी छात्र पांच से दस साल के हैं। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी मुजुरी अनिल कुमार राय ने घटनास्थल पर पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।