पुलिस ने दी यातायात नियम तोड़ने वालों को दी सख्त चेतावनी
मिठौरा। मुहर्रम मेले के दौरान सिंदुरिया पुलिस ने शुक्रवार को सड़क पर तेज रफ्तार में स्टंटबाजी कर रहे एक बोलेरो चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस कुमार निगम निवासी चिउटहा अपनी बोलेरो से चिउटहा से सिंदुरिया की तरफ तेज गति से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार अधिक होने से एक अन्य वाहन से टक्कर होते-होते बची। इसी दौरान मुहर्रम मेले का जायजा लेने निकले थाना प्रभारी विशाल शुक्ला को सूचना मिली कि एक बोलेरो चालक सड़क पर स्टंटबाजी करते हुए लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घेराबंदी कर बोलेरो को रोक लिया। वाहन को थाना परिसर लाया गया तथा चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
एसओ सिंदुरिया विशाल शुक्ला ने बताया कि वाहन और चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने, ओवरस्पीडिंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।